कैबिनेट ने दी 'युगे युगीन भारत संग्रहालय' को मंजूरी, 3,230 करोड़ की लागत से बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय

अभिषेक सिंह
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार (11 नवंबर, 2026) को हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) की बैठक में ऐतिहासिक फैसला लिया गया। कैबिनेट ने दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर में 'युगे युगीन भारत संग्रहालय' (YYBM) के विकास को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत ₹3,230 करोड़ है, जिसका मूल्यांकन सार्वजनिक निवेश बोर्ड (PIB) द्वारा किया गया है।
ऐतिहासिक इमारतों का होगा पुनः उपयोग
संग्रहालय का विकास ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर के अनुकूली पुनः उपयोग (adaptive reuse) के माध्यम से किया जाएगा। इस दौरान इन भवनों की वास्तुशिल्पीय विशेषताओं और ऐतिहासिक विरासत के महत्व को संरक्षित रखते हुए इन्हें एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।
दुनिया का सबसे बड़ा डिस्प्ले एरिया
लगभग 1,78,509 वर्ग मीटर के प्रस्तावित निर्मित क्षेत्र में विकसित होने वाले इस संग्रहालय में आधुनिक संग्रहालय पद्धतियों, इमर्सिव प्रौद्योगिकियों और आगंतुक-केंद्रित प्रस्तुतीकरण को एकीकृत किया जाएगा। विश्व के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संग्रहालयों के मानकों के अनुरूप विकसित होने वाला यह संग्रहालय विश्व में सबसे बड़े डिस्प्ले क्षेत्र वाला संग्रहालय होगा।
क्या होगा संग्रहालय में?
संग्रहालय में सुव्यवस्थित विषयगत दीर्घाओं, प्रदर्शनियों और व्याख्यात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की सभ्यतागत यात्रा को दर्शाया जाएगा। इसमें देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं, ज्ञान प्रणालियों, कलात्मक परंपराओं और विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इस परियोजना में प्रदर्शनी दीर्घाओं का विकास, संग्रह के भंडारण एवं संरक्षण की सुविधाएं, आगंतुकों के लिए सुविधाएं, आधुनिक प्रौद्योगिकियों और इमर्सिव अनुभवों का एकीकरण, भूदृश्य विकास, स्मार्ट भवन प्रणालियां तथा संबंधित बुनियादी ढांचे का विकास शामिल है।
कब तक बनेगा संग्रहालय?
इस परियोजना को वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष 2030-31 तक चरणबद्ध तरीके से कार्यान्वित किया जाएगा। नॉर्थ ब्लॉक में अलंकरण (Adornment) थीम पर आधारित पहली उद्घाटन दीर्घा के वर्ष 2027 के उत्तरार्ध में आम जनता के लिए खुलने की संभावना है। अधिक दीर्घाओं को शामिल करने के लिए एक मॉड्यूलर दृष्टिकोण तैयार किया जा रहा है।
18 लाख कलाकृतियों की पहचान
संग्रहालय में प्रदर्शित की जाने वाली सामग्री और संग्रह का विश्लेषण किया जा रहा है। इसके तहत राष्ट्रीय संग्रहालय और संस्कृति मंत्रालय के अन्य संग्रहालयों, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के 52 स्थल संग्रहालयों तथा विभिन्न राज्य संग्रहालयों एवं निजी संग्रहों से लगभग 18 लाख कलाकृतियों की पहचान की गई है। अन्य दीर्घाओं का विकास वास्तुकला एवं नगर परिदृश्य, गणित एवं खगोल विज्ञान, भाषाएं एवं लिपियां, आस्था एवं आध्यात्मिकता तथा भारत का जुड़ाव: व्यापार एवं विचार जैसी थीमों पर किया जा रहा है।
एक करोड़ पर्यटकों की क्षमता
संग्रहालय से टिकटों की बिक्री, खान-पान की सुविधाओं, कार्यक्रमों एवं आयोजन स्थलों के किराये, डिजिटल अनुभवों, गाइडेड टूर, खुदरा बिक्री केंद्रों और अन्य आगंतुक सेवाओं के माध्यम से नियमित राजस्व प्राप्त होने की भी उम्मीद है। संग्रहालय को इस प्रकार विकसित किया जा रहा है कि इसमें प्रतिवर्ष एक करोड़ आगंतुकों के आने-जाने की व्यवस्था हो सके।
रोजगार के नए अवसर
संग्रहालय से संस्कृति, शिक्षा, अर्थव्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिणाम प्राप्त होने की उम्मीद है। यह परियोजना निर्माण और प्रचालनगत दोनों चरणों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित करेगी। इससे कारीगरों, शिल्पकारों, शोधकर्ताओं, संग्रहालय विशेषज्ञों, डिजाइनरों, कलाकारों और अन्य रचनात्मक पेशेवरों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अतिरिक्त, आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्रों में आजीविका के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
