द इंडियन व्यू

‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागिता करें', सीएम योगी ने धनतेरस और दीपावली की दी शुभकामनाएं

Poonam Kumari
November 6, 2026
3 min read
‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागिता करें', सीएम योगी ने धनतेरस और दीपावली की दी शुभकामनाएं

राघवेंद्र प्रताप सिंह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से 'लोकल वाली दिवाली' मनाने और 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

सीएम योगी का संदेश: 'लोकल वाली दिवाली' मनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में लिखा, "धनतेरस का पावन पर्व समृद्धि, शुभता और मंगल का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर अपने उत्सव के उल्लास में प्रदेश के उन कर्मठ कारीगरों और शिल्पकारों को भी सहभागी बनाएं, जिनकी कला और अनवरत साधना हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी समृद्ध कर रही है।"

उन्होंने कहा कि भदोही के विश्वप्रसिद्ध कालीन, प्रयागराज का मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के काष्ठ खिलौने उत्तर प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 के ₹84 हजार करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025-26 में ₹2 लाख करोड़ के पार पहुंचना हमारे शिल्पकारों-दस्तकारों की उद्यमशीलता और सामर्थ्य का प्रमाण है।

उन्होंने आगे कहा, "आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 'वोकल फॉर लोकल' के विजन को आत्मसात करते हुए, इस धनतेरस ओडीओपी (ODOP) उत्पादों को ही उपहार स्वरूप चुनें। आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के आँगन में स्वावलंबन और सम्मान का दीप प्रज्वलित कर सकती है। आइए, 'लोकल वाली दिवाली' मनाएं और 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।"

सीएम योगी ने भगवान धन्वंतरि से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि धनतेरस आरोग्य और सुख-समृद्धि के महत्व का स्मरण कराने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सुखी और सार्थक जीवन का आधार है और प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक वर्ग के जीवन में खुशहाली लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का संदेश

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति के ये पर्व समृद्ध परंपराओं, आध्यात्मिक चेतना और पारिवारिक आत्मीयता के प्रतीक हैं। दीपावली का प्रकाश अज्ञानता से ज्ञान और निराशा से आशा की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेश में सुख-शांति, सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना मजबूत होने की कामना की।

धनतेरस का महत्व

धनतेरस का पर्व भगवान धन्वंतरि की जयंती के रूप में मनाया जाता है, जिन्हें आयुर्वेद का देवता माना जाता है। यह पर्व स्वास्थ्य, समृद्धि और शुभता का प्रतीक है। इस दिन लोग सोना, चांदी, बर्तन और अन्य कीमती सामान खरीदना शुभ मानते हैं। सीएम योगी ने इस बार लोगों से स्थानीय उत्पादों को खरीदकर स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को सम्मान देने की अपील की है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें