अनाहत सिंह का अगला लक्ष्य 2028 ओलंपिक, एशियाई खेलों की निराशा से लेंगी सीख
भारतीय स्क्वाश खिलाड़ी अनाहत सिंह के लिए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक से सिर्फ एक जीत दूर रह जाना भले ही निराशाजनक रहा हो, लेकिन इस अनुभव ने उनके हौसले को और मजबूत किया है। अनाहत ने माना कि खेलों में स्वर्ण जीतना उनके…

भारतीय स्क्वाश खिलाड़ी अनाहत सिंह के लिए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक से सिर्फ एक जीत दूर रह जाना भले ही निराशाजनक रहा हो, लेकिन इस अनुभव ने उनके हौसले को और मजबूत किया है।
अनाहत ने माना कि खेलों में स्वर्ण जीतना उनके लिए ‘बहुत यथार्थवादी’ लक्ष्य नहीं था, लेकिन फाइनल तक पहुंचने के बाद खिताब के करीब आकर मिली हार ने उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा दी है। अब उनकी प्राथमिकता 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना है। अनाहत एशियाई खेलों की व्यक्तिगत स्क्वाश स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। उन्हें दुनिया की पांचवें नंबर की मलेशियाई खिलाड़ी सिवसांगरी सुब्रमण्यम के खिलाफ हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
अगर अनाहत फाइनल जीत जातीं तो उन्हें 2028 ओलंपिक में सीधे जगह मिल जाती, लेकिन यह 18 वर्षीय खिलाड़ी अब पीएसए रैंकिंग में ऊपर चढ़कर लॉस एंजिलिस ओलंपिक में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेगी।

स्वदेश वापसी के बाद अनाहत ने एक समाचार एजेंसी से कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से काफी निराश थी। दोबारा खुश होने या थोड़ा बेहतर महसूस करने में मुझे कुछ दिन लगे। फाइनल में हारना अच्छा नहीं लगता, विशेषकर तब जब आप किसी बड़े मुकाबले में जीत हासिल करने के बाद खिताब के इतने करीब पहुंच जाते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सकारात्मक पहलुओं को देखने की कोशिश करूंगी और इसे इस रूप में देखूंगी कि मुझे अभी बहुत कुछ सीखना है। अगर मैं शीर्ष खिलाड़ियों के खिलाफ इस तरह का प्रदर्शन कर सकती हूं तो इसमें मेरे लिए कई अच्छी बातें भी हैं।’’ अनाहत एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरी थीं लेकिन उन्हें पता था कि मजबूत खिलाड़ियों की मौजूदगी को देखते हुए यह आसान लक्ष्य नहीं था।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा पहला लक्ष्य एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीतना था। मुझे पता था कि यह बहुत यथार्थवादी लक्ष्य नहीं था लेकिन निश्चित रूप से मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहती थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास वैकल्पिक योजना भी होनी है जिसका मतलब रैंकिंग के जरिए क्वालीफाई करना है। अब मैं यही करने की कोशिश करूंगी।
अगले 18 महीने में मैं अधिक से अधिक टूर्नामेंट खेलने और उनमें अच्छा प्रदर्शन करने पर ध्यान दूंगी, जिससे कि रैंकिंग में ऊपर जा सकूं और ओलंपिक में अपनी जगह पक्की कर सकूं।’’ सीधे क्वालीफिकेशन का मौका हाथ से निकलने के बाद अनाहत ने अब अपना पूरा ध्यान पीएसए रैंकिंग पर लगा दिया है।
अनाहत और अभय सिंह ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में रजत पदक जीते, जबकि भारतीय महिला और पुरुष टीम ने कांस्य पदक हासिल किए। भारतीय महिला स्क्वाश टीम की कोच सुरभि मिश्रा खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खुश थीं लेकिन उनका मानना था कि टीम स्पर्धाओं में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते थे।
सुरभि ने कहा, ‘‘मैं खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। अनाहत और अभय ने बहुत अच्छा किया। टीम स्पर्धा में थोड़ी निराशा है क्योंकि हम शायद थोड़ा बेहतर कर सकते थे। हम जीत से बस कुछ अंक दूर थे।’’ कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम का हिस्सा रहीं तन्वी खन्ना ने कहा कि इस अभियान ने भारतीय स्क्वाश में हो रही प्रगति को दिखाया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा प्रदर्शन शानदार रहा। हमारे पास फाइनल में पहुंचने का मौका था, लेकिन इसके बावजूद टीम के रूप में हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया और दिखाया कि हम शीर्ष स्तर पर हैं। उम्मीद है कि अगली बार हम स्वर्ण पदक के साथ लौटेंगे।’’
सम्बंधित ख़बरें
आईपीएल 2027 नीलामी में 66 जगहों के लिए 1220 खिलाड़ियों की दावेदारी, जानें किस टीम के पास कितना पैसा
टाटा आईपीएल-2027 की खिलाड़ी नीलामी के लिए कुल 1220 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 939 भारतीय और 17 देशों के 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भारतीयों का दबदबा, पंत-गिल-जायसवाल टॉप-10 में; बुमराह दूसरे स्थान पर पहुंचे
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन का असर आईसीसी की ताजा टेस्ट खिलाड़ी रैंकिंग में देखने को मिला है।
वंशराज, अनुरुद्ध, रोहिन और आरव सेमीफाइनल में
वंशराज जलोटा सहित अनुरुद्ध कुमार, रोहिन राज और आरव भास्कर ने 24वीं एल्डिको कप आइटा सीएस अंडर-18 टेनिस टूर्नामेंट में एकल के अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मैचों में जीत से सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
वेरोनिका की चमक से रोशन हुआ लखनऊ, जिम्नास्टिक में छह पदक
गोरखपुर में आयोजित प्रदेशीय सीनियर महिला एवं पुरुष जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में के.डी. सिंह 'बाबू' स्टेडियम, लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य सहित कुल छह पदक जीते। प्रतियोगिता में स्टेडियम की वेरोनिका वर्मा सबसे सफल खिलाड़ी रहीं।
