द इंडियन व्यू

'अगर स्टंप पर थ्रो नहीं, तो टीम में जगह नहीं'—रैना ने साझा किए फील्डिंग के सुनहरे दिन

भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी रहे सुरेश रैना ने अपने खेल के दिनों को याद करते हुए बताया कि किस तरह अनुशासन और कड़ी तैयारी ने भारतीय टीम की फील्डिंग का स्तर बदल दिया था। रैना ने कहा कि लगातार अभ्यास की संस्कृति ने भारत को…

Ragwendra P Singh
July 28, 2026
3 min read
'अगर स्टंप पर थ्रो नहीं, तो टीम में जगह नहीं'—रैना ने साझा किए फील्डिंग के सुनहरे दिन

भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी रहे सुरेश रैना ने अपने खेल के दिनों को याद करते हुए बताया कि किस तरह अनुशासन और कड़ी तैयारी ने भारतीय टीम की फील्डिंग का स्तर बदल दिया था। रैना ने कहा कि लगातार अभ्यास की संस्कृति ने भारत को दुनिया की सबसे बेहतरीन फील्डिंग इकाइयों में से एक बनने में मदद की।

अपने शुरुआती दिनों की तैयारियों, सीनियर खिलाड़ियों के प्रभाव और ऑस्ट्रेलिया में हुए एक यादगार ऑन-फील्ड टकराव को याद करते हुए रैना ने बताया कि कड़ी मेहनत, आदर्श खिलाड़ियों और सीख ने उनके फील्डिंग करियर को आकार दिया। भारत के सबसे भरोसेमंद फील्डरों में से एक बनाया।

दिग्गज खिलाड़ी ने कहा, "हमने फील्डिंग की एक संस्कृति बनाई थी। सभी खिलाड़ी आधा घंटा पहले मैदान पर पहुंच जाते थे क्योंकि हमारी ट्रेनिंग की शुरुआत हमेशा फील्डिंग से होती थी। आज की तरह नहीं कि कुछ कैच पकड़ लिए और फील्डिंग सत्र खत्म हो गया।

© BCCI/Sportzpics

उस समय हम अलग-अलग हाई कैच, ग्राउंड फील्डिंग, स्लिप कैच और पैरेलल कैच का अभ्यास करते थे। बीच में एक स्टंप लगाया जाता था। कैफ भाई उत्तर प्रदेश के कप्तान थे, वह कहते थे, 'अगर सीधे स्टंप पर थ्रो नहीं मारोगे, तो प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलेगी।' इन्हीं कठिन अभ्यास सत्रों ने उनकी फील्डिंग को मजबूत आधार दिया।"

रैना ने कहा, "जोंटी रोड्स जैसे महान फील्डर से तारीफ मिलना हमेशा खास होता है। वह हमेशा हमारे आदर्श रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मैंने मोहम्मद कैफ भाई से बहुत कुछ सीखा। वहीं भारतीय टीम में युवराज सिंह से भी काफी प्रेरणा मिली। वह पॉइंट और कवर पर फील्डिंग करते थे, जबकि मैं मिड-ऑफ पर रहता था। हमने भारत के लिए जितने भी मैच साथ खेले, कोशिश यही रहती थी कि गेंद हमारे बीच से न निकल पाए।"

बाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की ऑस्ट्रेलिया में इरफान पठान के साथ हुई जोरदार टक्कर वाली घटना को याद किया। रैना ने कहा, "मुझे ऑस्ट्रेलिया दौरे का सिडनी वनडे याद है। जडेजा गेंदबाजी कर रहे थे और डेविड वॉर्नर ने स्वीप शॉट खेला, जिसमें टॉप एज लग गया।

मैं मिडविकेट पर था और इरफान भाई फाइन लेग से दौड़ रहे थे। मैं सिर्फ गेंद को देख रहा था। मुझे बिल्कुल नहीं पता था कि इरफान भाई कहां हैं। मुझे सिर्फ गेंद, फ्लडलाइट्स, दर्शक और पीछे लहराता तिरंगा दिखाई दे रहा था। जैसे ही मैंने कैच पूरा किया, मेरी टक्कर इरफान भाई से हो गई।"

उन्होंने कहा, "एक पल के लिए मुझे लगा कि अगर मेरा सिर उनके शरीर से टकरा जाता, तो या तो उन्हें गंभीर चोट लगती या मुझे। शुक्र है कि सिर्फ मेरा कंधा उनसे टकराया और मैं कैच पकड़ने में सफल रहा। लेकिन इरफान भाई की पसली में फ्रैक्चर हो गया था। उन्हें काफी चोट आई थी। उसी घटना से हमने एक बड़ी सीख ली कि जिसका कैच हो, उसे जोर से आवाज लगाकर बताना चाहिए।"

रैना ने कहा कि इस घटना ने फील्डरों के बीच बेहतर संवाद की अहमियत को हमेशा के लिए उनके मन में बिठा दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती वर्षों में मिले कठिन प्रशिक्षण, अनुभवी साथियों से मिली सीख और मैदान पर हुए ऐसे अनुभवों ने ही उन्हें एक ऐसा फील्डर बनाया, जिसकी फुर्ती, पूर्वानुमान क्षमता और समर्पण की लंबे समय तक प्रशंसा होती रही।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से हराया

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ का उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय की हार

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।