इंडोनेशिया ओपन : सात्विकसाईराज और चिराग शेट्टी विजेता बने, अपने नाम किया ये रिकॉर्ड
नई दिल्ली : इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने ख़िताब अपने नाम किया। इस भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने फाइनल में मलेशिया के आरोन चिया और वूई यिक सोह की जोड़ी को मात देकर ये जीत हासिल की।
विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी ने फाइनल में मलेशिया के आरोन चिया और वूई यिक सोह की जोड़ी को 21-17, 21-18 से हराकर सुपर 1000 स्तर की प्रतियोगिता को जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनी। इस जीत के लिए भारतीय युगल को संघर्ष करना पड़ा।
खिताबी मैच में सात्विक-चिराग के आगाज अच्छी नहीं रही, मलेशियाई जोड़ी ने 7-3 की बढ़त ली। सात्विक-चिराग ने जल्द ही लय हासिल करते हुए 7-7 पर बराबरी की और ब्रेक तक 11-9 की बढ़त बनाई। सात्विक-चिराग ने अपने मलेशियाई प्रतद्विंदियों को अवसर नहीं दिया और पहला गेम 21-17 से जीतने में कामयाब रहे।

दूसरे गेम में भी आरोन-सूह ने अच्छी शुरुआत की, भारतीय युगल ने जल्द ही मैच पर काबू पा लिया। स्कोर 6-6 पर बराबर होने के बाद सात्विक-चिराग ने दो प्वाइंट स्कोर किये, मलेशियाई जोड़ी ने एक प्वाइंट अपने पक्ष में किया। आरोन-सूह लगातार प्रयासों के बावजूद बढ़त नहीं बना सके।
सात्विक-चिराग 20-14 की बढ़त बनाकर चैंपियनशिप जीतने से सिर्फ एक प्वाइंट दूर थे। मलेशियाई युगल ने इस टाइम आक्रामकता दिखाई, भारतीय जोड़ी को 21-18 से गेम और चैंपियनशिप जीतने से नहीं रोक सके। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की विजेता और एशियाई चैंपियन भारतीय जोड़ी को इस मैच को जीतने में 43 मिनट का समय लगा।
सातवीं वरीय भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में गैर वरीय कोरियाई जोड़ी के खिलाफ पहले गेम में हार के बाद शानदार वापसी की। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने एक घंटे सात मिनट तक चले मैच को 17-21 21-19 21-18 से जीता। इन दोनों जोड़ियों के बीच पांच मैचों में सात्विक और चिराग की जोड़ी की यह तीसरी जीत है।



