भाजपा की चालाकियों से जनता को गुमराह होने से बचाना है : अखिलेश

लखनऊ :  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है अब जमीन पर चुनाव की लड़ाई लड़नी है। कार्यकर्ताओं को जनता के संपर्क में रहना है और भाजपा की चालाकियों से जनता को गुमराह होने से बचाना है। भाजपा समाजवादी पार्टी के नेतृत्व को बदनाम करने की रणनीति पर काम कर रही है।

अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं पर झूठे मुकदमें लगाए जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की स्वीकार्यता जनता में है। इसलिए संगठन को और चुस्त-दुरूस्त बनाना है। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती देना है। कार्यकर्ताओं को जनता के सुख-दुःख में सहभागी रहना है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की परेशानियों और दिक्कतों को बढ़ाया है। भाजपा चकाचौंध की राजनीति से जनता को धोखा दे रही है। भाजपा संविधान और लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। समाजवादी पार्टी एकजुट होकर पूरी ताकत से संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्षरत है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जातीय वैमनस्य पैदा करती है। नफरत से समाज को बांटती है। उसकी नीतियां पूंजीपतियों की पोषक हैं। गरीब और मध्य वर्ग को भाजपा समाप्त करने पर तुली है। जनता को सामान्य नागरिक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं है। किसान, नौजवान, व्यापारी सभी भाजपा सरकार की कुनीतियों से तंग है और जल्दी से जल्दी निताज पाना चाहते हैं। जनता के बीच समाजवादी सरकार की उपलब्धियों और समाजवादी पार्टी की नीतियों को पहुंचाने के काम में तेजी लाना है।

Related Articles

Back to top button