तीन शहरों में होगा हॉकी का महाकुंभ, हॉकी इंडिया लीग के टिकट मुफ्त
हॉकी इंडिया लीग 2025-26 को इस बार अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ आयोजित हो रहा है। इसी कड़ी में लीग के दूसरे चरण की शुरुआत 3 जनवरी से चेन्नई में होगी, जिसके लिए गुरुवार से टिकटों की बिक्री शुरू कर दी गई है।
खास बात यह है कि स्टेडियम में फैंस की भारी मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए हॉकी इंडिया ने सभी मैचों के टिकट पूरी तरह मुफ्त रखने का फैसला किया है। महिलाओं की हॉकी इंडिया लीग 28 दिसंबर से रांची में शुरू होगी और 10 जनवरी तक चलेगी।
वहीं पुरुषों की हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत 3 जनवरी को चेन्नई से होगी। इसके बाद 11 जनवरी से पुरुषों की लीग रांची में खेली जाएगी। लीग का अंतिम चरण 17 जनवरी से 26 जनवरी के बीच भुवनेश्वर में आयोजित किया जाएगा।
इस साल की हॉकी इंडिया लीग में आठ पुरुष और चार महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। बदले हुए नए फॉर्मेट के कारण इस सीजन को पहले के मुकाबले ज्यादा रोमांचक माना जा रहा है।

रांची चरण के लिए टिकटों की बिक्री सोमवार से लाइव हो चुकी है। पिछले संस्करण की तरह इस बार भी हॉकी इंडिया का उद्देश्य खेल को देश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाना और मैचों के दौरान अधिक से अधिक फैंस को स्टेडियम तक लाना है।
हॉकी इंडिया लीग की गवर्निंग कमेटी के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने बताया कि चेन्नई, रांची और भुवनेश्वर में होने वाले सभी मैचों के लिए एक बार फिर फ्री टिकट देने का फैसला किया गया है।
Chennai, the wait is over 🔥
Tickets for the Chennai leg of #HeroHockeyIndiaLeague are now LIVE! 🎟️
Book yours at – https://t.co/dghlfRgJXH#BigIsBack #IndiaKaGame pic.twitter.com/WiIkhGTcwr
— Hockey India League (@HockeyIndiaLeag) December 25, 2025
उनके अनुसार, महिलाओं के मुकाबले रांची में होंगे, जबकि पुरुषों की हॉकी इंडिया लीग तीन शहरों में खेली जाएगी। उन्होंने कहा कि उद्देश्य हॉकी स्टैंड को उन दर्शकों से भरना है जो अपने पसंदीदा सितारों को खेलते हुए देखना चाहते हैं, खासकर जब इस सीजन में दुनिया के कई शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
गवर्निंग कमेटी के सदस्य भोला नाथ सिंह ने भी लीग को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि हीरो हॉकी इंडिया लीग एक महीने तक चलने वाला हॉकी उत्सव होगा। उनका कहना है कि इस पहल के जरिए देश के अलग-अलग क्षेत्रों के फैंस को मैच देखने का बेहतर और आसान मौका दिया जाएगा।



