कर्नाटक भाजपा ने भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम को सम्मानित किया, दीपिका की कप्तानी को सराहा
भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने रविवार को नेपाल को हराकर पहला ब्लाइंड टी20 महिला विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया, और इस शानदार उपलब्धि पर कर्नाटक भाजपा ने टीम को सम्मानित किया।
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष और विधायक बी. य. विजयेंद्र ने इस ऐतिहासिक जीत को देश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि, “भारतीय महिला टीम ने अपनी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और टीमवर्क के दम पर पहला ब्लाइंड महिला टी20 विश्व कप जीतकर देश का नाम रोशन किया।
यह टीम का असाधारण प्रदर्शन है, जिसने नेपाल के खिलाफ फाइनल में सात विकेट से रोमांचक जीत हासिल की।” उन्होंने आगे कहा, “यह जीत सिर्फ क्रिकेट के मैदान पर नहीं, बल्कि हर महिला के लिए एक प्रेरणा है, जिन्होंने शारीरिक चुनौतियों को पार कर अपनी शक्ति और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।

टीम के हर सदस्य ने यह साबित किया कि खेल में भारतीय महिलाएं किसी से पीछे नहीं हैं।” कर्नाटक भाजपा नेता ने खास तौर पर टीम की कप्तान दीपिका का भी उल्लेख किया, जिन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता से टीम को विश्व चैंपियन बनाया।
विजयेंद्र ने कहा, “यह कन्नड़ लोगों के लिए गर्व का पल है कि दीपिका, जो कर्नाटक की हैं, ने अपनी कप्तानी में इस ऐतिहासिक जीत को संभव किया।”
इस मौके पर, क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया के अध्यक्ष महंतेश जी. किवादासन्नावर को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने इस खेल के प्रति समर्पण और योगदान से भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया है।
पूरे देश में इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया जा रहा है और हर वर्ग से खिलाड़ियों को बधाई दी जा रही है। यह जीत न केवल भारतीय क्रिकेट, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी एक नया आदर्श और प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।



