पैरा साइकिलिंग की चमक – पैगे ग्रीको, 28 साल की उम्र में चल बसी
पैरालंपिक स्वर्ण पदक चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की साइकिलिस्ट पैगे ग्रीको का अचानक निधन हो गया है। वह 28 वर्ष की थीं। ऑस्ट्रेलिया पैरालंपिक समिति और ऑस्ट्रेलिया साइकिलिंग महासंघ के एक संयुक्त बयान में बताया है कि ग्रीको का रविवार को ‘अचानक स्वास्थ्य समस्या के बाद एडिलेड स्थित उनके घर में निधन हो गया’।
उनकी मां नताली ग्रीको ने कहा, ‘‘पैगे हमारे लिए सब कुछ थीं। वह बहुत दयालु और काफी मिलनसार थी। उनकी गर्मजोशी ने हमारे परिवार को हर दिन प्रभावित किया।’’ नताली ने कहा, ‘‘ हम उनके निधन से बहुत दुखी हैं लेकिन हमें उनके व्यक्तित्व और ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने के उनके तरीके पर बहुत गर्व है।’’
सेरेब्रल पल्सी (मांसपेशियों के समन्वय, संतुलन और गति को प्रभावित करने वाला मस्तिष्क विकार) के साथ पैदा ग्रीको ने 2021 में कोविड के कारण विलंबित टोक्यो पैरालंपिक में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता।

उन्होंने तब महिलाओं की सी1-3 3,000 मीटर व्यक्तिगत दौड़ में अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था। वह इसके बाद रोड रेस और टाइम ट्रायल में कांस्य पदक जीतने में सफल रही। ग्रीको ने पैरा साइकिलिंग से पहले पैरा एथलेटिक्स के विश्व चैंपियनशिप में भी तीन विश्व रिकॉर्ड कायम करने के साथ दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया था।



