Trending

पाकिस्तान की शानदार जीत में बाबर आजम का शतक, श्रीलंका के खिलाफ रिकॉर्ड-ब्रेकिंग प्रदर्शन

स्टार पाकिस्तानी बल्लेबाज बाबर आजम के शतक का इंतजार खत्म हुआ। श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में बाबर आजम ने 102 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। बाबर आजम के बल्ले से 807 दिन और 83 पारियों के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक निकला।

बाबर आजम का यह 20वां वनडे शतक है। गौर करने वाली बात यह है कि स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के करियर में भी जब शतकों का सूखा पड़ा था तो उनके बल्ले से भी उनकी 71वीं सेंचुरी 83 पारियों के बाद ही आई थी। बाबर आजम ने इस शतक के बाद राहत की सांस ली, जो उनके सेलिब्रेशन में भी दिखा।

बाबर आजम ने इस शतक के साथ कई रिकॉर्ड्स बनाए। बाबर आजम इसी के साथ पाकिस्तान में किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा वनडे शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

साभार : गूगल

बाबर का यह घर पर 8वां वनडे शतक है, उनसे पहले यह रिकॉर्ड मोहम्मद यूसुफ के नाम था, जिन्होंने अपने करियर में पाकिस्तान में 7 वनडे शतक ठोके थे। बाबर आजम ने मोहम्मद रिजवान और फखर जमन के साथ इस मैच में अलग-अलग शतकीय साझेदारी की।

वनडे में पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक शतकीय साझेदारियों का हिस्सा रहने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में बाबर दूसरे पायदान पर हैं, यह 40वां मौका है जब बाबर वनडे क्रिकेट में किसी शतकीय साझेदारी का हिस्सा रहे हों। उनके ऊपर अब सिर्फ पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक हैं, जिन्होंने अपने करियर में 41 बार ऐसा किया था।

41- इंजमाम-उल-हक

40 – बाबर आजम

38-मोहम्मद यूसुफ

32 – यूनिस खान

26 – सईद अनवर/शोएब मलिक

25 – जावेद मियांदाद

बाबर आजम वनडे क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 20 शतक ठोकने वाले तीसरे खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 136 पारियों में हासिल की। वह विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। कोहली लिस्ट में 133 पारियों के साथ दूसरे तो, साउथ अफ्रीका के दिग्गज हाशिम अमला 108 पारियों के साथ पहले पायदान पर हैं।

108 – हाशिम अमला

133-विराट कोहली

136 – बाबर आजम

142 – डेविड वार्नर

150 – क्विंटन डी कॉक

175 – एबी डी विलियर्स

बात मैच की करें तो, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 288 रन बोर्ड पर लगाए। जनिथ लियानागे 54 रनों के साथ टीम के हाईएस्ट स्कोरर रहें, उनके अलावा कोई अर्धशतक नहीं जड़ पाया।

कामिंदु मेंडिस ने 44, समरविक्रमा ने 42 और वानिंदु हसरंगा ने 26 गेंदों पर 37 रनों की पारी खेल अपना-अपना योगदान दिया। पाकिस्तान के लिए हारिस रऊफ और अबरार अहमद ने 3-3 विकेट चटकाए।

289 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को फखर जमन (78) और सैम अयूब (33) ने धाकड़ शुरुआत देते हुए 10 ओवर से भी कम में पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े।

बाबर आजम ने फखर जमन के साथ 100 रनों की तो मोहम्मद रिजवान के साथ 112 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम को 8 विकेट से जीत दिलाई। बाबर ने अपनी इस पारी के दौरान 8 चौके लगाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

Related Articles

Back to top button