Trending

केकेआर को मिला नया गेंदबाजी कोच, टिम साउदी ने संभाली अहम जिम्मेदारी

आईपीएल के आगामी सत्र से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स अपने कोचिंग विभाग को मजबूती देने की कोशिश में लगा हुआ है। टीम ने नीलामी से पहले न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और उन्हें टीम का नया गेंदबाजी कोच बनाया है।

साउदी ने न्यूजीलैंड के लिए 107 टेस्ट मैच, 161 वनडे और 126 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने सभी प्रारूप मिलाकर 776 विकेट लिए हैं। साउदी ने 2021, 2022 और 2023 सीजन में केकेआर का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा, केकेआर मुझे हमेशा घर जैसा लगा है और इस नई भूमिका में वापसी करना मेरे लिए सम्मान की बात है।

इस फ्रेंचाइजी की संस्कृति अद्भुत है, प्रशंसक जुनूनी हैं और खिलाड़ियों का एक बेहतरीन समूह है। मैं गेंदबाजों के साथ मिलकर काम करने और आईपीएल 2026 में टीम को सफलता दिलाने में मदद करने के लिए उत्सुक हूं। केकेआर सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा, हमें कोच के तौर पर टिम साउदी का केकेआर परिवार में स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है।

@KKRiders

टिम का अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता हमारी गेंदबाजी इकाई को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उनके नेतृत्व कौशल और शांतचित्त रवैया उन्हें हमारे युवा गेंदबाजों के लिए एक आदर्श मार्गदर्शक बनाते हैं।

केकेआर ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन को टीम का सहायक कोच और अभिषेक नायर को मुख्य कोच नियुक्त किया था।

आईपीएल 2025 में केकेआर का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और अब केकेआर की नजरें टीम को मजबूती देने पर टिकी हुई हैं। केकेआर 14 लीग मैचों में से केवल पांच जीत हासिल करने के बाद टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने में असफल रही थी।

ये भी पढ़े : केकेआर ने शेन वॉटसन को सहायक कोच के रूप में किया शामिल

Related Articles

Back to top button