Trending

कुमामोतो मास्टर्स : लक्ष्य सेन क्वार्टर फाइनल में, हार से प्रणय का सफर खत्म

स्टार भारतीय शटलर लक्ष्य सेन ने गुरुवार को यहां सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह पर सीधे गेम में जीत के साथ कुमामोतो मास्टर्स जापान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, लेकिन एचएस प्रणय का सफर दूसरे दौर में ही समाप्त हो गया।

विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक चैंपियन लक्ष्य ने 39 मिनट तक चले मैच में दुनिया के 20वां नंबर के खिलाड़ी तेह को 21-13, 21-11 से हराया। विश्व के 15वें नंबर के खिलाड़ी सेन का क्वार्टर फाइनल में मुकाबला सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू से होगा।

अन्य भारतीय खिलाड़ी प्रणय को हालांकि 46 मिनट तक चले दूसरे दौर के मैच में डेनमार्क के रासमस गेम्के के हाथों 18-21, 15-21 से हार मिली। लक्ष्य ने पहले गेम में 8-5 की बढ़त बनाई थी। तेह ने कुछ देर के लिए 10-9 की मामूली बढ़त हासिल कर ली, लेकिन ब्रेक तक भारतीय खिलाड़ी ने फिर बढ़त बनाई।

साभार : गूगल

दोनों खिलाड़ियों के बीच 14-13 के स्कोर तक कड़ा मुकाबला देखने को मिला लेकिन इसके बाद लक्ष्य ने लगातार सात अंक बनाकर पहला गेम जीता। लक्ष्य ने दूसरे गेम में शुरू से अच्छा प्रदर्शन किया और जल्द ही 5-0 की बढ़त बना ली।

उन्होंने इंटरवल तक 11-3 की बढ़त बनाकर अपने प्रतिद्वंदी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद भी अपनी लय कायम रखी और आसानी से मैच जीता।

Related Articles

Back to top button