हार्दिक पांड्या जल्द लौट सकते हैं, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मिलने वाला पहला मैच अवसर
स्टार भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की वापसी प्रोफेशनल क्रिकेट में होने ही वाली है। एशिया कप के फाइनल से पहले सुपर 4 के मैच में चोटिल हुए हार्दिक पांड्या उसी के बाद से टीम से बाहर हैं। वे ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भी नहीं गए थे।
हालांकि, साउथ अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने खेली जाने वाली वनडे और टी20 सीरीज के लिए वे उपलब्ध रह सकते हैं। इससे पहले वे डोमेस्टिक क्रिकेट में दिखाई देने वाले हैं, क्योंकि फिटनेस साबित करने के लिए हार्दिक पांड्या को कुछ प्रतिस्पर्धी मैच खेलने होंगे।
एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट की मानें तो इसी महीने के आखिर में हार्दिक पांड्या बड़ौदा के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। हार्दिक पांड्या मैच फिटनेस हासिल करने के बेहद करीब हैं। वह इस समय बेंगलुरु स्थिति बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं।

अगर सब कुछ ठीक रहा, तो वह इस डोमेस्टिक टी20 टूर्नामेंट के पहले मैच में ही खेलते हुए दिख सकते हैं। समझा जाता है कि सबसे खराब स्थिति में भी, टीम के दूसरे मैच तक वह मैदान पर वापस आ जाएंगे।
बड़ौदा का पहला मैच 26 नवंबर को और दूसरा मैच 28 नवंबर को खेला जाएगा। ऐसे में समझा जा सकता है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में वे नहीं खेलेंगे, क्योंकि उनको टी20 फॉर्मेट में ही वापसी करनी होगी।
9 दिसंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज है, जिसके लिए हार्दिक पांड्या का टीम में सिलेक्शन हो सकता है और वे इस सीरीज में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि हार्दिक पांड्या को फिट होने के बाद कोई ब्रेक नहीं मिलेगा और सीओई से रिटर्न टू प्ले (आरटीपी) मिलने के बाद वह सीधे हैदराबाद रवाना होंगे, जहां बड़ौदा को पहला सैयद मुश्ताल अली ट्रॉफी मैच इस सीजन का खेलना है।
कम से कम प्रोफेशनल मैच खेलने के बाद वे भारतीय टीम में अपनी जगह बना सकते हैं। इस तरह कहा जा सकता है कि हार्दिक पांड्या की वापसी की डेट लगभग कन्फर्म हो गई है।



