भारत बनाम साउथ अफ्रीका टेस्ट : कप्तान गिल और कोच गंभीर का चयन दुविधा
भारत बनाम साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज की शुरुआत 14 नवंबर से होने वाली है। दो मैच की इस सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा।
इस मैच से पहले कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर का सिरदर्द प्लेइंग XI ने बढ़ा रखा है। दरअसल, ऋषभ पंत चोट के बाद वापसी कर रहे हैं, वह टीम के उप-कप्तान भी हैं, ऐसे में उनकी सीधा प्लेइंग XI में जगह बनती है। वहीं उनकी गैरमौजूदगी में ध्रुव जुरेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार शतक जड़ा।
वहीं अब साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ लगातार दो पारियों में सेंचुरी जड़ी। ध्रुव जुरेल के लिए वर्स्ट क्लास क्रिकेट में 2025 का साल शानदार रहा है।

अभी तक खेली 14 पारियों में उन्होंने 91.10 की औसत के साथ 911 रन बनाए हैं, इस दौरान उन्होंने 4 शतक और इतने ही अर्धशतक जड़े हैं। ध्रुव जुरेल की इस रेड हॉट फॉर्म को देखते हुए उन्हें बाहर बैठाना ठीक नहीं होगा। ऐसे में गौतम गंभीर और शुभमन गिल के सामने सवाल यह है कि प्लेइंग XI से बाहर करें तो किसको।
वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय प्लेइंग XI पर नजर डालें तो, यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज थे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ नीतिश रेड्डी को छोड़ दिया जाए तो हर किसी खिलाड़ी ने अपना योगदान दिया। रेड्डी को ना तो बॉलिंग में तो ना ही बैटिंग में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाने का मौका मिला। विदेशी सरजमीं पर तो उनका ऑलराउंड परफॉर्मेंस भारत के काम आता है, मगर भारतीय सरजमीं पर लगता नहीं कि भारत को उनकी ज्यादा जरूरत है।
अगर शुभमन गिल और गौतम गंभीर सिर्फ एक तेज गेंदबाज -जसप्रीत बुमराह या मोहम्मद सिराज- के साथ उतरने का फैसला करते हैं तो नीतिश रेड्डी का रोल अहम हो जाएगा, अगर नहीं तो टीम में उन्हें रिप्लेस किया जा सकता है। ऐसे में ऋषभ पंत बिना ध्रुव जुरेल को बाहर किए नीतिश कुमार रेड्डी की जगह साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में प्लेइंग XI में अपनी जगह बना सकते हैं।



