उत्तर प्रदेश के 36 जिले बाढ़ प्रभावित घोषित

राघवेन्द्र प्रताप सिंह/ लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 36 ज़िलों को बाढ़ प्रभावित घोषित किया गया है जहाँ गंगा, घाघरा, शारदा और रामगंगा जैसी प्रमुख नदियाँ कई इलाकों में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हालाकि सरकार प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, 1,877 गाँव जलमग्न हो गए हैं और 61,852 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई है, जिससे 6,42,913 लोग प्रभावित हुए हैं।
उत्तर प्रदेश सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गंगा नदी हापुड़, बदायूं, फर्रुखाबाद और बलिया में खतरे के निशान से ऊपर और बुलंदशहर में खतरे के निशान के पास बह रही है।
शारदा नदी लखीमपुर खीरी में खतरे के निशान के पास बह रही है, जबकि घाघरा नदी बाराबंकी, अयोध्या और बलिया में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। रामगंगा नदी मुरादाबाद में खतरे के निशान से ऊपर और शाहजहाँपुर में खतरे के निशान के पास बह रही है।
राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने कहा, “बाढ़ के कारण विभिन्न जिलों में 573 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और 465 मकान मालिकों को मुआवज़ा दिया गया है। सरकार ने 1,222 बाढ़ आश्रय स्थल स्थापित किए हैं और 65,437 बाढ़ पीड़ितों को वहाँ पहुँचाया गया है।”
सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 2,610 नावें और मोटरबोट तैनात की हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री और क्लोरीन की गोलियाँ वितरित की गई हैं।
बाढ़ प्रभावित 36 जिलों में बहराईच, बाराबंकी, बलिया, बस्ती, बिजनोर, बदायूँ, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, ग़ाज़ीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हापुड, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मेरठ, मिर्ज़ापुर, प्रयागराज, शाहजहाँपुर, श्रावस्ती, वाराणसी, आगरा, औरैया, बाँदा, इटावा, फ़तेहपुर, हमीरपुर, जालौन, भदोही, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अयोध्या, मुरादाबाद, मुज़फ्फरनगर और उन्नाव शामिल हैं।



