विदाई समारोह में न बुलाये जाने पर नगर आयुक्त पर भड़कीं लखनऊ की महापौर

बीएस राय/ लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में अधिकारियों और मंत्रियों के बीच खींचतान जारी है। कुछ दिन पहले ही ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने सरेआम अधिकारियों को फटकार लगाई थी। अब महापौर और नगर आयुक्त के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई है।
लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल ने लखनऊ के नगर आयुक्त को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है कि उन्हें नगर निगम के कर्मचारियों के विदाई और सम्मान समारोह में क्यों नहीं आमंत्रित किया गया।
महापौर ने नगर आयुक्त को लिखे पत्र में इसको लेकर नाराजगी जताई है और नगर आयुक्त से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्हें चार अगस्त तक अपना जवाब देने को कहा गया है।
गौरतलब है कि मेयर लखनऊ सुषमा खर्कवाल नगर आयुक्त गौरव कुमार से नाराज़ बताई जा रहीं हैं। इसकी वजह यह है कि नगर निगम कार्यालय में आयोजित कर्मचारियों के विदाई और सम्मान समारोह में उनको बुलाया नहीं गया।
इसके अलावा मेयर का यह भी आरोप है कि अधिकारियों के कार्य विभाजन को लेकर उनके साथ विचार विमर्श नहीं हुआ किया गया था।
महापौर ने स्पष्ट तौर पर नगर आयुक्त गौरव दयाल से यह स्पष्ट करने को कहा है कि क्या इन दोनों मामलों में मेयर की आवश्यकता थी या नहीं ? नगर का जवाब आने के बाद ही वह अगला कदम उठायेंगी।



