मेजबान उत्तर प्रदेश व सर्विसेज की लगातार दूसरी जीत

51वीं राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप में दूसरे दिन खेले गए 16 मैच

लखनऊ। मेजबान उत्तरप्रदेश ने  51वीं राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप में अपना  विजय अभियान जारी रखते हुए पश्चिम बंगाल को 23-16 गोल से हराया। दूसरी ओर पिछली चैंपियन  सर्विसेज ने मणिपुर को रोमांचक मुकाबले में 24-23 गोल से हराया।

हैण्डबॉल एसोसिएशन इंडिया के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश हैण्डबॉल संघ द्वारा  केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित इस चैंपियनशिप में दूसरे दिन कुल 16 मैच खेले गए। इसमें महाराष्ट्र व कर्नाटक का मैच कड़ी टक्कर के बाद 22-22 से छूटा।

मेजबान उत्तर प्रदेश के लड़कों ने पूल जी में अपने दूसरे मैच में पश्चिम बंगाल को 23-16 गोल से हराया। यूपी मध्यांतर तक 11-8 ये आगे थी। उत्तर प्रदेश की ओर से संचित ने सर्वाधिक 7 गोल दागे। उनका साथ देते हुए गुरप्रीत व अरुण ने 5-5 गोल करने में सफलता हासिल की। अंकित चौधरी व मोहित यादव ने  2-2 जबकि शुभम सरोज व अविनाश राठौड़ ने एक-एक गोल किया। पश्चिम बंगाल से सचान ने चार जबकि बूटाराम, पुष्पेंदर व मनदीप ने तीन-तीन और राहुल ने एक गोल किए। इस मैच में उत्तर प्रदेश के लड़को को मध्यांतर तक कड़ी टक्कर मिली। मध्यांतर के बाद यूपी के खिलाड़ियों को आक्रामक खेल का फायदा मिला।

दूसरी ओर पूल ए में सर्विसेज को मणिपुर  के खिलाफ 24-23 गोल की जीत में खासा पसीना बहाना पड़ा और टीम को एक अंक के मामूली अंतर से जीत मिली। इस मैच में सर्विसेज मध्यांतर तक 12-10 से आगे थी। सर्विसेज की ओर से दीपक ने सर्वाधिक आठ गोल दागे। चिराग ने चार, सुजाउर ने तीन गोल किए। साहिल, तरुण व मोहित को दो दो गोल करने में सफलता मिली। मणिपुर से मोहित यूनिया ने सर्वाधिक 7 व प्रदीप ने चार गोल किए।

पूल सी में महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच रोमांचक टक्कर के बाद मुकाबला 22-22 से बराबरी पर खत्म हुआ।  मैच के दौरान कई क्षण ऐसे आए कि लगा मैच का परिणाम निकलेगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका। महाराष्ट्र से हरिंदर ने सर्वाधिक आठ गोल और अभिलाश ने 6 गोल किए। मनप्रीत ने चार व शिवाजी ने दो गोल किए। कर्नाटक से शुगन ने सर्वाधिक सात गोल और प्रेमनाथ व शेखर ने पांच-पांच गोल जबकि बाबूजी ने तीन गोल दागने में सफलता हासिल की।

पूल डी में दमन-दीव ने ओडिशा को 27-5 गोल से हराया। दमन-दीव से अंकित ने सर्वाधिक आठ गोल, नवीन ने पांच, बलदेव ने चार, वकील ने तीन और बलराम ने दो गोल किए। ओडिशा से बिप्लब ने  तीन गोल किए। पूल एच में दिल्ली ने नागालैंड को 23-12 गोल से हराया। दिल्ली से नितिन मान ने आठ जबकि परमजीत व रोहित ने तीन-तीन गोल किए। नागालैंड से लोकेश ने पांच गोल किए। केसा साजो व जसवंत को तीन-तीन गोल करने में सफलता मिली।

इसके अलावा अन्य मैचों में पूल सी में हरियाणा ने लद्दाख को 35-10 से, पूल ई में जम्मू-कश्मीर ने झारखंड को 20-17 से, पूल एच में बिहार ने दिल्ली को 27-22 से, पूल बी में केरल ने आसाम को 27-15 से, पूल जी में तमिलनाडु ने उत्तराखंड को 24-11 से, पूल डी में रेलवे ने पुड्डुचेरी को 17-11 से, पूल बी में राजस्थान ने केरल को 32-23 से, पूल ए में तेलंगाना ने मणिपुर को 16-10 से और पूल सी में हरियाणा ने कर्नाटक को 31-17 से हराया।

कल के मैच (9 सितंबर):- 

प्रात:कालीन सत्र (सुबह नौ बजे से): महाराष्ट्र बनाम हरियाणा, रेलवे बनाम ओडिशा, जम्मू-कश्मीर बनाम पंजाब, चंडीगढ़ बनाम मध्य प्रदेश, गुजरात बनाम झारखंड, अरुणाचल प्रदेश बनाम नागालैंड, आंध्र प्रदेश बनाम लक्षद्वीप, तमिलनाडु बनाम पश्चिम बंगाल

सायं कालीन सत्र (शाम 4 बजे से): पुड्डचेरी बनाम दमन-दीव, पंजाब बनाम झारखंड, जम्मू-कश्मीर बनाम गुजरात, चंडीगढ़ बनाम लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश बनाम आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश बनाम उत्तराखंड, बिहार बनाम नागालैंड।

Related Articles

Back to top button