Trending

धोनी ने ‘कैप्टन कूल’ नाम का ट्रेडमार्क कराया, भविष्य में दूसरों के इस्तेमाल पर रोक

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अलावा किसी अन्य को ‘कैप्टन कूल’ ना कहा जाए, इसके लिए धोनी ने इस उपनाम के लिए ट्रेडमार्क आवेदन दायर किया है।

साभार : गूगल

मैदान पर उनके शांत व्यवहार के कारण लोग उन्हें इस नाम से बुलाते हैं। यदि कोई तीसरा पक्ष ट्रेडमार्क की स्वीकृति के 120 दिनों के भीतर आपत्ति नहीं दर्ज कराता है तो ट्रेडमार्क एमएस धोनी को प्रदान कर दिया जाएगा। इसके बाद कोई अन्य शख्स या संस्था कैप्टन कूल नाम का इस्तेमाल कुछ खास चीजों के लिए नहीं कर पाएगी।

ट्रेडमार्क रजिस्ट्रेशन पोर्टल के अनुसार, आवेदन की स्थिति ‘स्वीकृत और विज्ञापित’ है। इसे 16 जून को आधिकारिक ट्रेडमार्क जर्नल में प्रकाशित किया गया था। एमएस धोनी की ओर से आवेदन पांच जून को दायर किया गया था। प्रस्तावित ट्रेडमार्क खेल प्रशिक्षण, खेल प्रशिक्षण सुविधाएं, खेल कोचिंग और सेवाएं देने की श्रेणी के तहत रजिस्टर किया गया है।

इस बारे में धोनी से तुरंत कोई टिप्पणी नहीं मिल सकी। दिलचस्प बात यह है कि एक अन्य कंपनी प्रभा स्किल स्पोर्ट्स (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड ने जून 2023 में इस वाक्यांश (कैप्टन कूल) के लिए इसी तरह का आवेदन दायर किया था। हालांकि, उस आवेदन की स्थिति ‘सुधार दायर किया गया’ के रूप में दिखाई दे रही है।

एमएस धोनी की ओर से दावा किया गया कि उनके इस नाम की पॉपुलेरिटी है और इसका गलत इस्तेमाल हो सकता है। इस महीने की शुरुआत में धोनी को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी मैथ्यू हेडन और दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला सहित सात क्रिकेटरों के साथ वर्ष 2025 के लिए आईसीसी के ‘हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया था।

एमएस धोनी आखिरी बार मैदान पर आईपीएल 2025 में नजर आए थे। संभावना है कि शायद अगले सीजन से पहले वे रिटायर हो जाएंगे। हालांकि, उन्होंने खुद इस बात की पुष्टि नहीं की है।

Related Articles

Back to top button