Trending

पीवीएन माधव होंगे आंध्र प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष, पार्टी हाईकमान ने नाम किया तय

विजयवाड़ा : आंध्र प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नए अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगा दी है। पार्टी हाईकमान ने अध्यक्ष पद के लिए पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) पीवीएन माधव का नाम तय किया है। वे वर्तमान में राज्य महासचिव हैं। इससे पहले विधान परिषद में भाजपा के फ्लोर लीडर के रूप में कार्य कर चुके हैं। पीवीएन माधव आरएसएस और भाजपा युवा मोर्चा में कई पदों पर रह चुके हैं।

प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव मंगलवार को विजयवाड़ा में भाजपा के राज्य कार्यालय में होगा। कर्नाटक के सांसद मोहन चुनाव पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे। माधव आज दोपहर 2 बजे के बाद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पीवीएन माधव का परिवार पांच दशक से भी ज्यादा समय से भाजपा और आरएसएस से जुड़ा हुआ है। माधव उत्तरांध्र से स्नातक एमएलसी के रूप में चुने गए थे। माधव वरिष्ठ भाजपा नेता दिवंगत पोक्कला वेंकट चलपति राव के बेटे हैं। पीवी चलपति राव भी दो बार एमएलसी रह चुके हैं। संयुक्त आंध्र प्रदेश में पीवी चलपति राव का पार्टी को उभारने में काफी योगदान रहा।

पीवी चलपति राव, संयुक्त आंध्र प्रदेश में भाजपा के पहले अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं और अब उनके पुत्र पीवीएन माधव पुनर्गठित आंध्र प्रदेश में भाजपा के अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। —————

Related Articles

Back to top button