Trending

दिल्ली के खिलाफ नहीं चला धोनी का बल्ला, नवजोत सिद्धू ने आलोचना करते हुए कही ये बात

चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना मैच हार गई। इस मैच में चेन्नई के फैन्स को महेंद्र सिंह धोनी से काफी ज्यादा उम्मीद थी। लेकिन धोनी बल्लेबाजी में कुछ खास नहीं कर पाए।

धोनी ने काफी धीमी बल्लेबाजी की और इसके लिए उनकी काफी आलोचना हो रही है। यहां तक मैच में कमेंट्री कर रहे कमेंटेटर्स ने भी धोनी को नहीं बख्शा। पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने तो धोनी को फुस्स पटाखा तक बता डाला।

बताते चले कि, दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन बनाए। लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 25 रनों से यह मैच हार गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत काफी ज्यादा खराब रही। जल्दी-जल्दी विकेट गिरे तो महेंद्र सिंह धोनी मैदान में उतरे। वह विजय शंकर के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे।

सीएसके की पारी के 14वें ओवर में मोहित शर्मा गेंदबाजी कर रहे थे। उन्होंने विजय शंकर को एक गेंद फेंकी जो नो बॉल थी। स्ट्राइक चेंज होने के बाद महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर आ चुके थे।

ऐसे में फ्री हिट का सामना करने का मौका धोनी को मिला। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने लांग ऑन और लांग ऑफ दोनों जगहों पर खिलाड़ी लगा रखे थे। कमेंट्री कर रहे जतिन सप्रू ने कहा, यह बहुत रोचक मुकाबला होने जा रहा है।

इसी दौरान कमेंट्री बॉक्स में मौजूद नवजोत सिंह सिद्धू खुलकर धोनी की आलोचना कर रहे थे। सिद्धू ने कहाकि सीएसके को 28 गेंद में 95 रन चाहिए, ऐसे में मैच उसकी मुट्ठी में है। ऐसे में बेहद जरूरी है कि धोनी इस फ्री हिट पर छक्का लगा दें।

धोनी से बड़े शॉट की उम्मीद लगाए दर्शकों की तरफ इशारा करते हुए सिद्धू ने कहाकि अगर ऐसा हुआ तो सभी खुशी से झूम उठेंगे। सिद्धू ने कहाकि यहां कोई मुकाबला नहीं है। यह डीसी के लिए विन-विन सिचुएशन है। धोनी को छक्का लगाना ही होगा।

अगर वह अब नहीं छक्का मारेंगे तो कब मारेंगे? जरूरी रन रेट पहले ही 15 का हो चुका है। भीड़ की सुनिए, सब लोग चाहते हैं कि छक्का लगे।

हालांकि ऐसा हुआ नहीं। दर्शकों की उम्मीदों के विपरीत धोनी गेंद पर छक्का लगाना तो दूर, कनेक्ट तक नहीं कर पाए। मोहित शर्मा ने बाउंसर डाल दी और गेंद धोनी को छकाते हुए विकेटकीपर के दास्तानों में समा गई। इस पर कमेंट्री कर रहे सिद्धू ने तत्काल टिप्पणी की, ‘ओह, ये तो फुस्स पटाखा निकला।

खोदा पहाड़ निकली चुहिया।’ बताते चले कि, इस आईपीएल में धोनी की खूब आलोचना हो रही है। एक मैच में वह आर अश्विन के बाद बल्लेबाजी करने आए थे। इसके लिए भी उन्हें क्रिटिसाइज किया गया था। वहीं, इस मैच में धोनी 26 गेंद पर केवल 30 ही रन बना पाए। चेन्नई यह मैच हार गई जो उसकी यह लगातार तीसरी हार है।

Related Articles

Back to top button