CM Yogi: क्या वक्फ बोर्ड ने कोई कल्याण किया है? जानिए योगी ने कैसे साधा विपक्ष पर निशाना

बीएस राय। वक्फ संशोधन विधेयक 2 अप्रैल को संसद में पेश किया जा सकता है। केंद्र सरकार इस विधेयक को पहले लोकसभा सत्र में पेश करने की तैयारी कर रही है, लोकसभा सत्र 4 अप्रैल तक चलना है। इस बीच ईद के दिन देश के लाखों मुसलमानों ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर हाथों पर काली पट्टी बांधकर नमाज अदा की।
इसका मकसद था कि मुसलमान वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करें। इसी को लेकर आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करने वालों को करारा जवाब दिया है, साथ ही उनसे कुछ सवाल भी पूछे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मैं एक नागरिक के तौर पर काम करता हूं। मैं खुद को खास नहीं मानता। एक नागरिक के तौर पर मैं अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाता हूं। मेरे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। अगर मेरा देश सुरक्षित है, तो मेरा ‘धर्म’ भी सुरक्षित है और अगर ‘धर्म’ सुरक्षित है, तो यह कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।” ‘सुधार समय की मांग’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में वक्फ (संशोधन) विधेयक पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि सुधार समय की मांग है। उन्होंने आगे कहा, “हर अच्छे काम का विरोध होता है। इसी तरह वक्फ संशोधन विधेयक पर भी हंगामा हो रहा है।
वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करने वालों से सीएम ने आगे पूछा कि जो लोग इस मुद्दे पर हंगामा कर रहे हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं…क्या वक्फ बोर्ड ने कोई कल्याण किया है? सब कुछ छोड़िए, क्या वक्फ ने मुसलमानों का भी कोई कल्याण किया है? इसके बाद उन्होंने कहा कि वक्फ निजी स्वार्थ का केंद्र बन गया है। यह किसी भी सरकारी संपत्ति पर जबरन कब्जा करने का माध्यम बन गया है और सुधार समय की मांग है और हर सुधार का विरोध होता है।”



