Trending

करो या मरो मैच में राजस्थान की शानदार जीत, मुंबई को हराकर प्लेऑफ में की एंट्री

जोफ्रा आर्चर के हरफनमौला खेल से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल मैच में यहां मुंबई इंडियन्स को 30 रन से हराकर प्लेऑफ का टिकट पक्का किया। आर्चर ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लड़खड़ाने के बाद 32 रन की अहम पारी खेली और गेंदबाजी में तीन विकेट चटकाए।

बृजेश शर्मा, नांद्रे बर्गर और यश राज पुंजा को दो-दो विकेट की सफलता मिली। रॉयल्स ने लगातार अंतराल पर विकेट गिरने के बावजूद अपने करो या मरो मैच में 205 रन बनाने के बाद मुंबई की पारी को 175 रन पर रोक दिया।

रॉयल्स के 14 मैचों में 16 अंक हो गए और उसने अंक तालिका में चौथा स्थान पक्का कर लिया। इसके साथ ही पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की उम्मीदें खत्म हो गईं। प्लेऑफ से पहले से ही बाहर मुंबई इंडियन्स का अभियान नौवें स्थान पर खत्म हुआ। टीम के लिए सूर्यकुमार यादव ने 60, जबकि कप्तान हार्दिक पंड्या ने 34 और विल जैक्स ने 33 रन बनाए।

© Associated Press

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही, ध्रुव जुरेल ने 38, आर्चर ने 32, दासुन शनाका ने 29 और यशस्वी जायसवाल ने 27 रन का अहम योगदान दिया। रविंद्र जडेजा (नाबाद 19) और नांद्रे बर्गर (नाबाद 10) ने आखिरी ओवरों में 13 गेंद में 30 रन की साझेदारी कर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।

मुंबई इंडियन्स के लिए दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर को दो-दो विकेट की सफलता मिली। विल जैक्स, अल्लाह गजानफर और कोर्बिन बॉश ने एक-एक विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई ने 38 रन तक चार विकेट गंवा दिए। आर्चर ने पहले ओवर में रोहित शर्मा को खाता खोले बिना विकेट के पीछे कैच कराने के बाद दूसरे ओवर में नमन धीर (छह) को बोल्ड किया।

बर्गर ने आक्रामक दिख रहे रेयान रिकेलटन (12) को सूर्यवंशी के हाथों कैच कराकर मुंबई को तीसरा झटका दिया। सूर्यकुमार यादव ने इस ओवर में हालांकि छक्का और चौका लगाकर आत्मविश्वास हासिल किया। छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए बृजेश शर्मा ने अपनी पहली ही गेंद पर तिलक वर्मा (तीन) का विकेट उखाड़ दिया। पावरप्ले के बाद टीम का स्कोर चार विकेट पर 49 रन था।

सूर्यकुमार ने जडेजा के लगातार ओवरों में छक्का जड़ा, तो वहीं दूसरे छोर से जैक्स ने यश राज पुंजा की गेंद को दर्शकदीर्घा में पहुंचाया। सूर्यकुमार को यश राज की गेंद पर बृजेश ने कैच टपकाकर जीवनदान दिया। वह उस समय 27 रन पर खेल रहे थे।

जैक्स ने इस गेंदबाज के खिलाफ 12वें ओवर में छक्के से टीम के रनों का शतक पूरा किया। वह इसी ओवर में आउट हो गए। कप्तान हार्दिक पंड्या ने क्रीज पर आते ही दो छक्के जड़े। पंड्या ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए शनाका के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके जड़कर रॉयल्स के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

सूर्यकुमार ने बर्गर के खिलाफ एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर 15वें ओवर में बृजेश का स्वागत चौके से किया। पराग ने 16वें ओवर में गेंद आर्चर को थमाई और इस गेंदबाज ने पंड्या की 15 गेंद में 34 रन की पारी समाप्त कर टीम को बड़ी सफलता दिलाई।

यश राज ने अगले ओवर में बॉश (दो) को चलता करने के साथ ओवर से सिर्फ पांच रन खर्च कर मुंबई पर दबाव बना दिया। बर्गर ने अगले ओवर में अपनी ही गेंद पर सूर्यकुमार का कैच लपककर टीम का प्लेऑफ में पहुंचना तय कर दिया।

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर जायसवाल ने चाहर के खिलाफ छक्के के साथ हाथ खोले। इसके बाद उन्होंने जैक्स की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। हालांकि, वह एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में जैक्स की गेंद को हवा में खेल बैठे और बॉश ने आसान कैच लपककर रॉयल्स को पहला झटका दिया।

दूसरे छोर पर असहज दिख रहे वैभव सूर्यवंशी (चार) भी अगले ओवर में चाहर की गेंद को हवा में लहराकर कैच आउट हो गए। कप्तान पराग (14) ने क्रीज पर आते ही छक्के के साथ हाथ खोला और फिर अल्लाह गजानफर की गेंद पर लगातार दो चौके जड़े। वह पावरप्ले का अंत छक्के के साथ करने की कोशिश में बाउंड्री के पास तिलक वर्मा द्वारा लपके गए, जिससे टीम ने छह ओवर में 54 रन पर तीन विकेट गंवा दिए।

छठे ओवर में गजानफर पर छक्का जड़ने वाले ध्रुव जुरेल ने एक छोर से संभलकर बल्लेबाजी की, तो वहीं दूसरे छोर से शनाका ने अफगानिस्तान के इस गेंदबाज और रघु शर्मा के खिलाफ आसानी से छक्के जड़कर रनगति बनाए रखी।

शनाका की आक्रामक पारी का अंत जुरेल के साथ गलतफहमी के कारण रन आउट होने से हुआ। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की, जो रॉयल्स की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही। इस विकेट के बाद जुरेल ने तेजी से रन बनाने का मोर्चा संभालते हुए गजानफर के खिलाफ लगातार दो चौके और मिडऑन के ऊपर से बड़ा छक्का जड़ दिया।

हालांकि, उनकी पारी भी ज्यादा लंबी नहीं चली और बॉश की शानदार यॉर्कर पर जुरेल का विकेट उखड़ गया। डोनोवन फरेरा 18 रन बनाकर चाहर का दूसरा शिकार बने। बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए आर्चर ने भी अपनी पारी में तीन छक्के जड़े, वहीं जडेजा और बर्गर ने आखिरी ओवरों में मुंबई के गेंदबाजों को परेशान किया, जिससे टीम ने आखिरी पांच ओवर में 73 रन जोड़े।

Related Articles

Back to top button