एडिलेड में इतिहास: नाथन लियोन ने मैकग्रा को पछाड़ा, कुर्सी उठाकर मुस्कुराए दिग्गज
एडिलेड टेस्ट केवल स्कोरकार्ड के चलते नहीं, बल्कि एक प्रतीकात्मक पल के कारण भी यादगार बन गया। जिस नाथन लियोन को पर्थ और ब्रिसबेन में खेले गए एशेज सीरीज के पहले दो टेस्ट में प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया था, लियोन कप्तान पैट कमिंस के भरोसे पर खरे उतरते हुए इतिहास रच गए।
एडिलेड में मिले मौके ने न केवल लियोन के करियर को नई ऊंचाई दी, बल्कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में बड़ा बदलाव भी दर्ज कर दिया। ग्लेन मैकग्रा का टेस्ट विकेटों का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए लियोन को सिर्फ 2 विकेटों की जरूरत थी।
एडिलेड टेस्ट के दूसरे दिन उन्होंने ओली पोप और बेन डकेट को आउट कर यह उपलब्धि हासिल कर ली। जिस वक्त रिकॉर्ड टूटा, उस समय मैकग्रा खुद कमेंट्री बॉक्स में मौजूद थे। अपना रिकॉर्ड टूटते देख मैकग्रा ने मजाकिया अंदाज में चेहरे पर गुस्सा दिखाया और पास में रखी कुर्सी को अपने सिर के ऊपर उठा लिया।
Glenn McGrath's reaction to Nathan Lyon passing him on the all-time Test wickets list was absolutely hilarious 🤣 #Ashes pic.twitter.com/1jTM06M8me
— cricket.com.au (@cricketcomau) December 18, 2025
यह पल भले ही हल्के-फुल्के अंदाज में था, लेकिन सोशल मीडिया पर इस प्रतिक्रिया ने जमकर सुर्खियां बटोरीं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी इस मजेदार लम्हे को भुनाते हुए मैकग्रा की कुर्सी उठाने वाली वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर की।
इस उपलब्धि के साथ नाथन लियोन टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। अपना 141वां टेस्ट खेल रहे लियोन अब तक 564 विकेट ले चुके हैं और एक पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा वे 24 बार कर चुके हैं।
वहीं, मैकग्रा इस सूची में तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। दाएं हाथ के इस महान तेज गेंदबाज ने 1993 से 2007 के बीच 124 टेस्ट मैचों में 563 विकेट झटके थे। एक पारी में 24 रन देकर 8 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है, जबकि 5 विकेट लेने की उपलब्धि उन्होंने 29 बार हासिल की थी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अब भी महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न के नाम दर्ज है। वॉर्न ने 1992 से 2007 के बीच 145 टेस्ट मैचों में 708 विकेट चटकाए थे।
मैच की स्थिति पर नजर डालें तो एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 371 रन बनाए। इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 213 रन पर अपने 8 विकेट गंवा दिए थे।



