Trending

मार्क वुड चोटिल, इंग्लैंड की एशेज तैयारी को बड़ा झटका

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की प्रतिष्ठित एशेज टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड टीम को एक बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड चोटिल हो गए हैं। इस तरह इंग्लैंड की एशेज की तैयारियों को भी गंभीर चोट पहुंची है।

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने एक प्रेस रिलीज में बताया कि मार्क वुड को पर्थ के लीलैक हिल पार्क में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में अकड़न की समस्या हुई है।

बोर्ड ने जानकारी देते हुए बताया है कि मार्क वुड को एहतियातन स्कैन से गुजरना होगा। मार्क वुड ने गुरुवार यानी 13 नवंबर को इंग्लैंड लायंस के खिलाफ आठ ओवर फेंके, जिसमें एक ओवर मेडेन रहा। 29 रन उन्होंने दिए और कोई विकेट नहीं मिला। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा।

@englandcricket

वुड का अब शुक्रवार को स्कैन होगा। उम्मीद है कि वह दो दिन में फिर से गेंदबाजी शुरू कर देंगे। अगर चोट गंभीर हुई तो फिर कई सप्ताह मैदान से दूर रहेंगे। फरवरी में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान घुटने में चोट लगने के बाद मार्क वुड के लिए 2025 का साल मुश्किल भरा रहा है, जिसके लिए उन्हें सर्जरी करवानी पड़ी।

इस वजह से वह इंग्लैंड में गर्मियों में भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ से चूक गए थे और अब ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज़ के लिए तैयारी कर रहे हैं। सीरीज का पहला टेस्ट 21 नवंबर से पर्थ में शुरू होगा।

अगर मार्क वुड जल्द ठीक नहीं हुए तो फिर कम से कम पहला टेस्ट नहीं खेल पाएंगे। सीरीज जीतने की बात तो दूर रही, ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर इंग्लैंड ने 2010-11 के बाद से एक भी टेस्ट नहीं जीता है। ऐसे में बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली टीम के लिए ये दौरा काफी मुश्किलों वाला रहने वाला है।

अगर खिलाड़ी चोटिल भी हो जाएंगे तो फिर परेशानी बहुत ज्यादा बढ़ जाएगी। इंग्लैंड के कई खिलाड़ी उपलब्ध नहीं हैं और कुछ चोटिल हैं और कुछ ने रिटायरमेंट ले लिया है। सबसे बड़ी समस्या यही है कि खिलाड़ी पूरी तरह फिट रहें, क्योंकि पांच मैचों की सीरीज बहुत अहम है। ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान पैट कमिंस भी पहले मैच में उपलब्ध नहीं है।

Related Articles

Back to top button