जैकब डफी का कमाल, वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में न्यूजीलैंड की जीत
गुरुवार को न्यूजीलैंड ने डुनेडिन में खेले गए पांचवें टी20 में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर 3-1 से सीरीज अपने नाम कर ली है। वेस्टइंडीज ने जीत के लिए 141 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे मेजबान टीम ने 26 गेंद बाकी रहते ही सिर्फ 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
मैच में 4 विकेट लेने वाले जैकब डफी को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। सीरीज का पहला मैच वेस्टइंडीज ने जीता था और चौथा मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ था। पांचवें टी20 में वेस्टइंडीज पहले न्यूजीलैंड की धारदार गेंदबाजी के आगे पस्त दिखी और बाद में उनकी बल्लेबाजी के आगे असहाय दिखी।
मेहमान टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और पूरी टीम 18.4 ओवर में 140 रन पर आउट हो गई। वेस्टइंडीज की आधी टीम 48 रन के स्कोर पर आउट हो चुकी थी।

उस समय टीम का 100 रन पार करना भी मुश्किल लग रहा था लेकिन रोस्टन चेज के 38 रन, रोमारियो शेफर्ड के 36 रन और जैसन होल्डर के 20 रन से टीम 140 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा कर पाई। न्यूजीलैंड की तरफ से जैकब डफी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। जेम्स नीशम को 2 सफलताएं मिलीं।
काइल जैमिसन, ईश सोढ़ी, मिचेल सैंटर और माइकल ब्रेसवेल को 1-1 विकेट मिले। जीत के लिए 141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड के ओपनरों ने पहले विकेट के लिए 69 रन की शानदार साझेदारी की। टिम रॉबिन्सन 45 रन की जबरदस्त पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें रोमारियो शेफर्ड ने आउट किया।
106 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को रचिन रविंद्र के रूप में दूसरा झटका लगा। उन्होंने 21 रन बनाए और वह स्प्रिंगर की गेंद पर रदरफोर्ड को कैच थमा बैठे। उसके बाद डेवन कॉनवे और मार्क चैपमैन ने नाबाद रहते हुए टीम को 8 विकेट से जीत दिलाई। कॉनवे ने नाबाद 47 रन बनाए जबकि मार्क चैपमैन भी नॉटआउट रहते हुए 21 रन की पारी खेली।
5 टी20 मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 7 रन से जीत दर्ज की थी। उसके बाद टीम सीरीज में एक भी मैच नहीं जीत पाई।
न्यूजीलैंड ने दूसरे टी20 मुकाबले को 3 रन से, तीसरे मैच को 9 रन से और आखिरी मैच को 8 विकेट से जीता। चौथा टी20 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। तब वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 38 रन बनाए थे।



