ऐश्वर्या तोमर और ईशा–सम्राट की जोड़ी ने दिलाया भारत को दो रजत पदक
भारत के निशानेबाजों ने आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में मंगलवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए।
युवा ओलंपियन ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए सिल्वर मेडल जीता, ईशा सिंह और सम्राट राणा की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में दूसरा रजत दिलाया।
ऐश्वर्या ने फाइनल में 466.9 अंक जुटाए और मामूली अंतर से चीन के युकुन लियू (467.1) से पीछे रहकर दूसरा स्थान हासिल किया। फ्रांस के रोमेन औफ्रेरे (454.8) को कांस्य पदक मिला। भारत के नीरज कुमार ने भी फाइनल में जगह बनाई और 432.6 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

क्वालीफिकेशन दौर में ऐश्वर्या ने 597 (40 एक्स) का शानदार स्कोर बनाकर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की थी, नीरज ने 592 अंक के साथ फाइनल में जगह बनाई।
महिलाओं और पुरुषों की संयुक्त स्पर्धा में ईशा सिंह और सम्राट राणा की जोड़ी ने क्वालीफिकेशन में 586 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, लेकिन फाइनल में उन्हें चीन की कियानक्सुन याओ और काई हू की जोड़ी से 10–16 के अंतर से हार मिली।
वहीं, दूसरी भारतीय जोड़ी सुरुचि सिंह और श्रवण कुमार 579 अंक के बावजूद फाइनल में प्रवेश नहीं कर सकी। भारत के लिए यह प्रदर्शन एक बार फिर साबित करता है कि युवा निशानेबाज अब दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शूटरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।



