आईपीएल 2026 : दिल्ली से टूटी बात, अब सीएसके की ओर बढ़ रहे संजू सैमसन
आईपीएल 2026 में आपको संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स के लिए नहीं, बल्कि किसी अन्य टीम के लिए खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। सैमसन ने राजस्थान रॉयल्स को छोड़ने का मन बना लिया है।
पिछले सीजन में टीम के कप्तान रहे सैमसन इस बार नई फ्रेंचाइजी के लिए आईपीएल खेल सकते हैं। हालांकि, चर्चा ये भी थी कि वे फिर से दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ सकते हैं। दिल्ली की फ्रेंचाइजी के लिए वे उस समय आईपीएल खेले थे, जब राजस्थान रॉयल्स पर बैन लग गया था।
हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनकी डील नहीं हो सकी। दिल्ली कैपिटल्स के साथ सैमसन की ट्रेड डील क्यों नहीं हुई? इसके पीछे का कारण जान लीजिए।

संजू सैमसन के अब चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके के साथ जुड़ने की संभावना है। सैमसन की ट्रेड डील रविंद्र जडेजा और सैम करन के साथ हो सकती है। वे आरआर में आ सकते हैं और सैमसन सीएसके जा सकते हैं। हालांकि, सैमसन की डील दिल्ली के साथ लगभग हो चुकी थी, लेकिन आखिरी मोमेंट पर ये कैंसिल हो गई।
रिपोर्ट की मानें तो राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी इस डील में ट्रिस्टन स्टब्स की मांग कर रही थी। बाद में राजस्थान की फ्रेंचाइजी ने इस डील में अनकैप्ड ऑलराउंडर समीर रिजवी को भी शामिल करने की इच्छा जाहिर कर दी थी। दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स की इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया और इस तरह डील नहीं हो सकी।
सैमसन और दिल्ली की ट्रेड डील इतनी आगे बढ़ चुकी था कि दिल्ली खेमे के कुछ वरिष्ठ खिलाड़ी, जिनमें कुछ विदेशी सितारे भी शामिल थे, इसकी जानकारी रखते थे।
दिल्ली कैपिटल्स द्वारा इस डील को रद्द करने से पहले बस एक आधिकारिक घोषणा बाकी थी। अब राजस्थान रॉयल्स ने सैमसन और जडेजा की अदला-बदली के लिए चेन्नई सुपर किंग्स से संपर्क किया है।
राजस्थान की फ्रेंचाइजी जडेजा के साथ-साथ इस ट्रेड डील में अब दिल्ली की तरह सैम करन या मथीशा पथिराना में से किसी एक को साथ में चाहती है। अब देखना ये है कि क्या चेन्नई के साथ सैमसन की डील हो पाती है या फिर वे रिलीज कर दिए जाएंगे।



