Trending

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने दी अधिकारियों को नसीहत- सुधर जाओ नहीं तो कोई बचा नहीं पाएगा

बीएस राय: उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने एक बार फिर अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। शर्मा ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को यदि लगता है कि हम उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे तो वो भारी गलतफहमी में हैं। ऐसी कार्रवाई होगी की आप दिल्ली तक भागेंगे चाहे राष्ट्रपति भवन तक जाएंगे आपको कोई नहीं बचा पाएगा।

शर्मा ने कहा कि अगर कोई कर्मचारी जानबूझकर बदमाशी करता है तो वह बच नहीं पाएगा। भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि कंस जैसे अत्याचारी लोगों का विनाश करने के लिए उनको सुदर्शन चक्र चलाना पड़ा था। वही काम फिर करना पड़ रहा है। सुदर्शन चक्र चल रहा है और अब किसी को छोड़ेगा नहीं। कोई गलतफहमी में न रहे।

यूपी के ऊर्जा मंत्री ने कहा कि, “भगवान राम ने तीन दिन प्रार्थना किया था और हमने तो तीन साल प्रार्थना किया है। लेकिन अब प्रार्थना नहीं करूंगा। कुछ लोग जानबूझकर बदमाशी करते हैं, कुछ लोगों की आदत में शामिल है। मैने कल ही इसको लेकर अधिकारियों को संकेत दिया है। जिस तरह से भगवान श्रीकृष्ण ने दुर्योधन और कंस को बार बार समझाया लेकिन वो नहीं माने। अंत में उनको सुदर्शन चक्र का प्रयोग करना ही पड़ा। तो अब सुदर्शन चक्र चलेगा और कोई बचा नहीं पाएगा।”

रामायण का उदाहरण देते हुए शर्मा ने कहा कि समुद्र लांघने के लिए प्रभु श्रीराम ने तीन दिन तक विनती और प्रार्थना की लेकिन समुद्र नहीं माना। फिर जैसे ही उन्होंने अपनी शक्ति दिखायी वह त्राहिमाम करने लगा। वैसे ही अब साफ शब्दों में समझ लीजीए कि ” भय बिन होई न प्रीत”।

गौरतलब है कि इससे पहले ऊर्जा मंत्री ने बुधवार को बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान अपने चिरपरिचित सख्त अंदाज़ में लौट आए। यूपीपीसीएल अध्यक्ष और अन्य लोगों की बातें सुनने के बाद, मंत्री ने बिना किसी लाग-लपेट के साफ कहा कि वह उनकी “बकवास” सुनने के लिए नहीं आए हैं और जमीनी हकीकत अधिकारियों द्वारा बताई जा रही बातों से बिल्कुल अलग है।

उन्होंने अधिकारियों पर जनता की चिंताओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया और उनकी कार्रवाई की तुलना पुलिस से करते हुए कहा कि झूठी रिपोर्ट शीर्ष स्तर तक भेजी जा रही हैं। मंत्री ने विभाग की आलोचना करते हुए कहा कि वह जनता की सेवा करने के बजाय सिर्फ़ बिल वसूली पर केंद्रित एक व्यवसाय की तरह काम कर रहा है।

Related Articles

Back to top button