दिल्ली के बीजेपी विधायक ने कांवड यात्रा को लेकर अमित शाह से की ये डिमांड

बीएस राय: दिल्ली भाजपा विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस महीने के अंत में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के मार्गों पर सभी शराब और मांस की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करने का अनुरोध किया है।
दिल्ली में भाजपा के तीन सिख विधायकों में से एक मारवाह ने अपने पत्र में कहा कि शराब और मांस की दुकानों पर अस्थायी प्रतिबंध से कांवड़ यात्रा की पवित्रता सुनिश्चित होगी और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सकेगा।
हिंदू कैलेंडर के पवित्र महीने ‘सावन’ के दौरान, भक्त पवित्र नदियों से जल लेकर विभिन्न मंदिरों में भगवान शिव को चढ़ाने के लिए पैदल कांवड़ यात्रा करते हैं।
इस साल कांवड़ यात्रा 11 जुलाई से शुरू होगी। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के सदस्य मारवाह ने कहा कि श्री गुरु सिंह सभा एक धार्मिक संस्था है जो सभी धर्मों का सम्मान करती है।
विधायक ने शाह को लिखा, “हम अपील करते हैं कि कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्गों पर मांस और शराब की दुकानें अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएं ताकि इसकी पवित्रता बनी रहे और कोई अप्रिय घटना न हो।” उन्होंने श्री गुरु सिंह सभा के पदाधिकारियों और शाह के बीच बैठक के लिए समय मांगा, ताकि वे शाह को ज्ञापन सौंप सकें।
मारवाह ने यह भी कहा कि श्री गुरु सिंह सभा के सदस्य मीट और शराब की दुकानों के मालिकों से संपर्क करेंगे और उनसे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने का आग्रह करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों के लिए गुरुद्वारों द्वारा पेयजल, दवाइयां और विश्राम शिविरों की भी व्यवस्था की जाएगी।



