Trending

अमित शाह ने कोलकाता में केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के नए भवन का किया उद्घाटन

कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कोलकाता के न्यू टाउन में केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) के नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधा न केवल पश्चिम बंगाल बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत में आपराधिक न्याय प्रणाली को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला देश में वैज्ञानिक तरीके से अपराध की जांच में सहायता प्रदान करने वाले प्रमुख संस्थानों में से एक है। न्यू टाउन स्थित नए भवन के चालू होने से डिजिटल फॉरेंसिक, डीएनए जांच, फिंगरप्रिंट विश्लेषण और अन्य तकनीकी विशेषज्ञता से जुड़ी सुविधाएं अब और सुलभ होंगी।

केंद्र सरकार की इस परियोजना का उद्देश्य राज्य और पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपराधों के तेजी से और वैज्ञानिक निवारण को सुनिश्चित करना है। इसका लाभ राज्य पुलिस बल, केंद्रीय जांच एजेंसियों और न्यायपालिका को मिलेगा।

इससे पहले केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मामलों के मंत्री अमित शाह शनिवार शाम दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, वरिष्ठ नेता अग्निमित्र पॉल और राहुल सिन्हा ने किया।

अपने दौरे के दूसरे दिन गृह मंत्री नेताजी इंडोर स्टेडियम में भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button