कनार्टक में स्पीकर का अपमान करने के आरापे में बीजेपी के 18 विधायक सदन से निलंबित

बीएस राय : कर्नाटक विधानसभा में स्पीकर यू टी खादर का “अनादर” करने के आरोप में भाजपा के अठारह विधायकों को छह महीने के लिए निलंबित कर दिया गया। विधानसभा में कानून और संसदीय कार्य मंत्री द्वारा पेश निलंबन प्रस्ताव को पारित कर दिया गया।
यह घटना विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी दिन हुई, जब भाजपा विधायकों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया। विधायक उस पोडियम पर चढ़ गए, जहां स्पीकर यू टी खादर की कुर्सी थी और उन पर कागज फेंके।
सार्वजनिक अनुबंधों में मुसलमानों को चार प्रतिशत आरक्षण दिए जाने पर विपक्ष के गुस्से के कारण यह विरोध प्रदर्शन किया गया। इससे पहले, भाजपा ने सदन के वेल से विरोध प्रदर्शन किया था, जिसमें सरकार पर एक मंत्री को “हनी ट्रैप” करने का आरोप लगाया गया था और मामले की न्यायिक जांच की मांग की गई थी, जबकि मुख्यमंत्री बजट चर्चा को संबोधित कर रहे थे।
निलंबित किए गए विधायकों में भाजपा के मुख्य सचेतक डोड्डन्ना गौड़ा पाटिल, सी एन अश्वथ नारायण, बी ए बसवराजू, एम आर पाटिल, शरणु सालगर, यशपाल सुवर्णा, बी पी हरीश, भरत शेट्टी, मुनिरत्न और बसवराज मट्टीमूद शामिल हैं।
निलंबन आदेश पढ़ते हुए खादर ने कहा, “इस घटना ने हमें बहुत आहत किया है और यह दर्दनाक है। यह सीट सिर्फ एक कुर्सी नहीं है। यह लोकतंत्र, सत्य और न्याय का प्रतीक है। इस कुर्सी से बोलना गर्व की बात है। हर सदस्य को इस कुर्सी की गरिमा और पवित्रता की रक्षा करनी चाहिए। हममें से कोई भी कुर्सी से ऊपर नहीं है। हमारी व्यक्तिगत भावनाएं इस कुर्सी की गरिमा से ऊपर नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमें प्रतिबद्धता, शांत और सभ्य तरीके से व्यवहार करना चाहिए। इस घटना को हमारे लिए एक सबक बनने दें। आइए आने वाले दिनों में हम संविधान और इस कुर्सी की पवित्रता का सम्मान करें।” निलंबन के बाद, भाजपा विधायकों ने सदन छोड़ने से इनकार कर दिया। आखिरकार, उन्हें मार्शलों द्वारा जबरन बाहर निकाल दिया गया।



